डॉ. अम्बेडकर की पत्रकारिता ने वंचितों को दी आवाज : रीना चौधरी

Apr 12, 2026 - 20:02
Apr 12, 2026 - 20:10
 0  60
डॉ. अम्बेडकर की पत्रकारिता ने वंचितों को दी आवाज : रीना चौधरी

प्रेस क्लब सरोजनीनगर की गोष्ठी में पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों पर हुआ मंथन

लखनऊ। पूर्व सांसद रीना चौधरी ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने मूकनायक और बहिष्कृत भारत जैसे समाचार पत्रों के माध्यम से समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज बुलंद की। उनकी पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं थी, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आंदोलन थी। इसलिए आज के दौर में भी पत्रकारों को जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष और साहसी भूमिका निभानी चाहिए। सुश्री चौधरी रविवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर प्रेस क्लब सरोजनीनगर द्वारा आयोजित डॉ. अम्बेडकर की पत्रकारिता का सन्देश एवं सार विषयक गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी।


         कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्लाक प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं सहयोग परिवार के संरक्षक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकारिता समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम है और डॉ. अम्बेडकर के विचार आज भी मार्गदर्शक हैं। जबकि बंथरा नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत रावत ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है, जो सच्चाई को सामने लाकर जनहित की रक्षा करती है। उन्होंने निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनसरोकारी पत्रकारिता पर जोर देते हुए युवाओं से इस दिशा में आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान बीडीसी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप रावत ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज और शासन के बीच संतुलन बनाए रखता है। इस अवसर पर प्रेस क्लब सरोजनीनगर के अध्यक्ष राज किशोर पासी, महामंत्री राकेश यादव, कोषाध्यक्ष आसिफ खान, सह सचिव इन्द्रेश यादव, पूर्व सचिव रामबाबू सोनी, सदस्य इदरीश खान व अखिलेश दुबे मौजूद रहे।