सौर ऊर्जा प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा रोजगार : डॉ. पूनम सिन्हा
नौ दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवाओं को सिखाई जा रही सोलर इंस्टॉलेशन तकनीकें
सरोजनीनगर-लखनऊ । भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के तहत संचालित राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) की महानिदेशक डॉ. पूनम सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य गृह मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आयोजित सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को न केवल सौर ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि देश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। डॉ. सिन्हा मंगलवार को कानपुर रोड स्थित लखनऊ पॉलिटेक्निक परिसर में आयोजित नौ दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रतिभागियों को संबोधित कर रही थीं।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) की ओर अग्रसर है और आने वाले वर्षों में सौर ऊर्जा क्षेत्र में कुशल तकनीशियनों की भारी मांग होगी। ऐसे में यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सौर पैनल लगाने, विद्युत संयोजन, रखरखाव, निरीक्षण और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवा न केवल घरेलू और वाणिज्यिक सौर संयंत्रों की स्थापना कर सकेंगे, बल्कि स्वयं का व्यवसाय शुरू कर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी योगदान दे सकेंगे। डॉ. सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और हर घर सौर ऊर्जा के संकल्प को पूरा करने में प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका अहम होगी। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में निसबड के प्रदेश प्रभारी प्रभाकर बहुगुणा एवं प्रोजेक्ट एसोसिएट अभिषेक यादव भी मौजूद रहे।
