डॉ. राजेश्वर सिंह की सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग में एलपीएस को वॉकओवर से मिली जीत, द्वितीय चरण में बनाई जगह

May 17, 2026 - 21:09
May 17, 2026 - 21:11
 0  0
डॉ. राजेश्वर सिंह की सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग में एलपीएस को वॉकओवर से मिली जीत, द्वितीय चरण में बनाई जगह

लखनऊ नवाब क्रिकेट क्लब ने चौहान क्रिकेट क्लब को 07 विकेट से हराया


डॉ. राजेश्वर सिंह की खेल पहल में एमके-11 क्रिकेट क्लब ने नाइट फाल्कन क्रिकेट क्लब पर 29 रनों से दर्ज की शानदार विजय
 


लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा आयोजित “सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग” में रविवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक खेल भावना देखने को मिली। विभिन्न टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इंटर-स्कूल क्रिकेट चैम्पियनशिप के तहत पहला मुकाबला एलपीएस वृंदावन सेक्टर-9 और एपीएस अकादमी के बीच प्रस्तावित था, लेकिन निर्धारित समय पर एपीएस अकादमी टीम के मैदान पर नहीं पहुंचने के कारण एलपीएस वृंदावन सेक्टर-9 को वॉकओवर दे दिया गया। इसके साथ ही टीम ने प्रतियोगिता के दूसरे चरण में प्रवेश कर लिया।

     

 इंटर स्पोर्ट्स क्लब चैम्पियनशिप के दूसरे मुकाबले में लखनऊ नवाब क्रिकेट क्लब और चौहान क्रिकेट क्लब आमने-सामने रहे। पहले बल्लेबाजी करते हुए चौहान क्रिकेट क्लब ने निर्धारित आठ ओवरों में 53 रन बनाए। जवाब में लखनऊ नवाब क्रिकेट क्लब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। तीसरे मुकाबले में एमके-11 क्रिकेट क्लब और नाइट फाल्कन क्रिकेट क्लब के बीच रोमांचक मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमके-11 क्रिकेट क्लब ने निर्धारित आठ ओवरों में 99 रन बनाकर 100 रनों का लक्ष्य दिया।

 लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट फाल्कन क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित स्कोर तक नहीं पहुंच सकी और एमके-11 क्रिकेट क्लब ने 29 रनों से शानदार जीत दर्ज की। मैच में इब्राहम फारूकी ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 25 रन, तीन छक्के और पांच विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीमों को क्रिकेट किट, खिलाड़ियों को कैप, टी-शर्ट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं खिलाड़ियों के भोजन की व्यवस्था तारा शक्ति रसोई के माध्यम से की गई। डॉ. राजेश्वर सिंह की यह खेल पहल क्षेत्रीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा दे रही है।