मदर्स डे पर भावनाओं और रिश्तों से सजा रंगारंग आयोजन
गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुतियों ने जीता दिल, माताओं को किया गया सम्मानित
सरोजनीनगर-लखनऊ। मदर्स डे के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी में एक भावपूर्ण एवं यादगार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और माताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत अंजली धमीजा द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना से हुई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में माताओं और बच्चों ने गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। प्रतिमा सोनकर और नेहा यादव ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से मां के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। वहीं ज्योति त्रिवेदी ने “लुकाछुपी बहुत हुई” और पूजा सिंह ने मधुर गीतों की प्रस्तुति दी। “मैया यशोदा तेरा कन्हैया” गीत पर शिवन्या गुप्ता ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं वीर यादव ने कविता पाठ किया। आर्या शुक्ला ने “प्रेम रत्न धन पायो” और आंचल श्रीवास्तव ने “मां मेरी मां” गीत पर भावपूर्ण नृत्य कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। मां-बेटी की संयुक्त प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का आयोजन हेमा खत्री द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मां के लिए कोई एक दिन तय नहीं किया जा सकता, क्योंकि मां का प्रेम हर दिन हमारे जीवन में मौजूद रहता है। मदर्स डे रिश्तों और भावनाओं को सहेजने का विशेष अवसर है। इस दौरान सुनीता कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ पल्लवी सिंह, प्रिया मिश्रा, नसरीन खान, मंजुलिका अस्थाना, मिथलेश सिंह और नीलू श्रीवास्तव समेत सभी माताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उपहार प्राप्त किए। पूरे आयोजन में प्रेम, सम्मान और अपनापन की सुंदर झलक देखने को मिली।
