रोजगार और आजीविका के संकट से जूझ रहे किसान परिवार: देवेन्द्र

May 16, 2026 - 18:46
 0  51
रोजगार और आजीविका के संकट से जूझ रहे किसान परिवार: देवेन्द्र

भाकियू (लोक शक्ति) की बैठक में भूमि अधिग्रहण, सर्किल रेट और स्वामीनाथन आयोग को लेकर उठी आवाज

सरोजनीनगर, संवाददाता। भाकियू (लोक शक्ति) के प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र कुमार पासी उर्फ बब्लू भैया ने कहा कि आज किसान अपनी ही जमीन और अधिकारों की लड़ाई लड़ने को मजबूर है। सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के नाम पर किसानों को केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि किसान परिवार रोजगार और आजीविका के संकट से जूझ रहे हैं। वह शनिवार को बंथरा बाजार स्थित यूनियन के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जिला कार्यकारिणी बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के सम्मान, अधिकार और न्याय की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। यदि किसानों की मांगों को अनदेखा किया गया तो संगठन सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।


          बैठक में प्रमुख रूप से भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसान परिवारों को आजीविका के लिए दूसरी जगह समान भूमि उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। किसानों ने कहा कि जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई है, उनके परिवार के एक सदस्य को पहले की तरह नौकरी भी दी जानी चाहिए। इसके अलावा किसानों की जमीनों का बाजार मूल्य के अनुरूप सर्किल रेट बढ़ाने, सभी तालाबों को नहरों से जोड़ने तथा स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में प्रदेश प्रभारी युवा विकास पटेल, मंडल प्रभारी रामपाल प्रधान, जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र वर्मा, उन्नाव जिलाध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ल, जिला संरक्षक रज्जन लाल वर्मा, उपाध्यक्ष अजय यादव, जिला प्रधान महासचिव हरिश्चंद्र वर्मा, तहसील अध्यक्ष मोहनलालगंज हौसलोन्द्र पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश प्रजापति एवं जिला कोषाध्यक्ष रमाशंकर सहित सैकड़ों किसान और किसान माताएं मौजूद रहीं।