जन विश्वास का मजबूत मंच: आपका विधायक आपके द्वार
हरौनी ग्राम पंचायत के मजरा षिवदीन खेड़ा में हुआ आयोजित
डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं की सौगात
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित ‘आपका विधायक आपके द्वार’ अभियान लगातार ग्रामीणों के बीच संवाद, समाधान और सेवा का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। 168 सप्ताह से निरंतर चल रहे इस अभियान के तहत रविवार को मजरा शिवदीन खेड़ा, ग्राम पंचायत हरौनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
कार्यक्रम के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। इस मौके पर हैंडपंप, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, स्ट्रीट लाइट, सोलर लाइट, नाला निर्माण, पाइपलाइन मरम्मत और नलकूप से संबंधित कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। डॉ. राजेश्वर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी कार्यक्रम के दौरान विशेष पहल देखने को मिली। 40 वरिष्ठ नागरिकों की नेत्र जांच कराई गई तथा 30 लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गांव तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का सराहनीय प्रयास बताया। शिक्षा और युवा प्रोत्साहन के तहत मेधावी विद्यार्थियों अभिषेक शर्मा, श्रुति शुक्ला, अखिल शर्मा और स्वाती को साइकिल वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 182वें बॉयज यूथ क्लब और 117वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन कर क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और कैरम किट उपलब्ध कराई गईं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना भी है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त गांव ही मजबूत समाज की नींव होते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व प्रधान बृजेश कुमार सिंह, लल्लन शुक्ला, ललित तिवारी, मोतीलाल शर्मा, विनोद कुमार सिंह, सेक्टर संयोजक गोविंद सिंह, संदीप कुमार, रमेश कुमार शर्मा, आनंद बाजपेई, संतोष कुमार शुक्ला, गौरी, रामरती, अंजलि शर्मा, सौरभ शर्मा, अजय शुक्ला, प्रधान प्रतिनिधि सुखदेव रावत, नन्ही, सुषमा, शिव भगवान सिंह, समर सिंह, योगेश सिंह, प्रधान प्रतिनिधि गंगाराम भारती, मधु चैरसिया एवं सुहागवती चैरसिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
