नेत्र परीक्षण शिविर, आयुष्मान कार्ड, खेल सामग्री और मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरण से लोगों को मिला लाभ
सरोजनीनगर-लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र के बेंती स्थित कल्लनखेड़ा गांव में रविवार को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित जनसंपर्क एवं समस्या समाधान अभियान “आपका विधायक, आपके द्वार” के 172वें संस्करण का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान कुल 19 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सड़क एवं नाली निर्माण, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, हैंडपंप, बिजली, सोलर लाइट, पानी की टंकी, तालाब सौंदर्यीकरण और साइकिल उपलब्ध कराने सहित विभिन्न जनसमस्याएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में विधायक टीम ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निस्तारण कराया।
इस मौके पर 70 वर्ष से अधिक आयु के दो वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड कार्यक्रम स्थल पर ही बनवाए गए। वहीं टेंडर पाम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से नेत्र परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 46 लोगों ने आँखों की जांच कराई। साथ ही विधायक की ओर से 30 जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। जबकि युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से 186वें बॉयज यूथ क्लब और 121वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। इस दौरान बच्चों एवं बालिकाओं को क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और कैरम किट वितरित की गईं। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। जिसमें कक्षा 10वीं की काजल, राधा, शिवा और कक्षा 12वीं की आरती को साइकिल प्रदान की गई। बाद में तारा शक्ति रसोई द्वारा मौजूद सभी लोगों को भोजन की व्यवस्था की गई।