डॉ. राजेश्वर सिंह का ₹100 करोड़ विज़न : गोल्फ बनेगा राजधानी का राष्ट्रीय गौरव
लखनऊ। ऐतिहासिक लखनऊ गोल्फ क्लब शुक्रवार को खेल भावना और उत्साह का गवाह बना, जब पीजीटीआई नेक्स्टजेन गोल्फ टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन हुआ। राजधानी के इस प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह अपने बड़े भाई रामेश्वर सिंह संग मौजूद रहे। विजेताओं को सम्मानित करते हुए डॉ. सिंह ने क्लब के भविष्य के लिए ₹100 करोड़ ‘स्पोर्ट्स प्रमोशन कॉर्पस’ का प्रस्ताव रखकर सभी का ध्यान खींचा।
डॉ. सिंह ने कहा कि भारत की स्पोर्ट्स इकॉनमी इस समय $52 अरब की है, जो 2030 तक $130 अरब तक पहुँच जाएगी। “खेल अब सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं, यह करोड़ों रोजगार और अवसरों का दरवाज़ा खोल रहा है। गोल्फ जैसे खेल इसमें अहम भूमिका निभाएँगे। उन्होंने कहा कि गोल्फ क्लब का भविष्य, परंपरा और आधुनिकता का संगम है। हेरिटेज मीट्स द फ्यूचर थीम के साथ डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि क्लब को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सदस्यता विस्तार, कॉर्पोरेट प्रायोजन और युवाओं के प्रशिक्षण पर ज़ोर दिया जाएगा। उन्होने कहा कि सुव्यवस्थित कोचिंग व प्रशिक्षण से ही भावी चैंपियन तैयार होंगे। डॉ. सिंह ने गोल्फ को जीवन-दर्शन से जोड़ते हुए कहा कि हर स्विंग एक नई शुरुआत है। पिछला शॉट बदला नहीं जा सकता और अगले का अनुमान नहीं लगाया जा सकता; जीत उन्हीं की होती है जो वर्तमान पर फोकस रखते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2007 से वे इस क्लब के सदस्य हैं और यह संस्थान लगातार शहर की खेल-आत्मा को नई ऊर्जा देता रहा है। “हमारी राजधानी की खेल पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करना ही मेरा संकल्प है। डॉ. सिंह ने आयोजकों को बधाई देते हुए विशेष रूप से सेवानिवृत्त आईपीएस सुबाष चंद्र, कैप्टन आर.एस. नंदा, सचिव रजनीश सेठी, संयुक्त सचिव सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल और पीजीटीआई सीईओ अमनदीप जोहल के योगदान को सराहा। अंत में उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में लखनऊ गोल्फ क्लब न सिर्फ शहर बल्कि पूरे देश की खेल धरोहर को नई ऊँचाइयाँ देगा।