सरोजनीनगर में जोश और जूनून के साथ गूंजा खेल महोत्सव का शंखनाद
सांसद खेल महोत्सव – 2025’ में युवा प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम, मैदान पर चमके खिलाड़ी
लखनऊ। सरोजनीनगर में सोमवार को ‘सांसद खेल महोत्सव – 2025’ का भव्य शुभारंभ हुआ। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में कानपुर रोड स्थित सीएमएस जय जगत ग्राउंड पर ‘सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग फुटबॉल चैम्पियनशिप 2025’ की शुरुआत जोश और उत्साह के माहौल में हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और देशभक्ति गीतों के साथ हुई, जिसके बाद एनएसएस कैडेट्स की अनुशासित परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रतियोगिता में इंटर स्कूल श्रेणी की 20 और इंटर क्लब श्रेणी की 21 टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को ₹50,000 और उपविजेता को ₹25,000 की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी।
पहले दिन हुए इंटर-स्कूल मुकाबले में चिरंजीवी भारती स्कूल ने अवध कॉलेजिएट को 1–0 से हराया, जबकि इंटर-क्लब मैच में तेलीबाग यूथ क्लब ने अमौसी जूनियर एफसी को 1–0 से मात दी।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “खेल जातिवाद तोड़ते हैं, देश को जोड़ते हैं और युवा शक्ति को अनुशासन व एकता का संदेश देते हैं। जब युवा स्वस्थ रहेंगे तो देश तेजी से आगे बढ़ेगा।” उन्होंने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को सकारात्मक दिशा में अग्रसर करने का माध्यम है।
राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि “खेल सौहार्द, समन्वय और सुख-शांति का संदेश देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सांसद खेल महोत्सव’ ने देशभर में खेल संस्कृति को नई पहचान दी है।”
कार्यक्रम में एमएलसी रामचंद्र सिंह प्रधान, पूर्व राज्यमंत्री वीरेन्द्र तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, मनीष सिंह, सौरभ सिंह ‘मोनू’ सहित कई जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सरोजनीनगर में यह आयोजन युवाओं की ऊर्जा, एकता और खेल भावना का प्रतीक बना।
