हेलमेट से बचेगा जीवन, डॉ. राजेश्वर सिंह का संकल्प

दो युवाओं की असमय मौत से व्यथित विधायक ने दिखाई मानवीय संवेदना, कहा— “लापरवाही नहीं, सुरक्षा जरूरी”

Jan 22, 2026 - 09:58
 0  2
हेलमेट से बचेगा जीवन, डॉ. राजेश्वर सिंह का संकल्प

लखनऊ (एसएनबी)। सरोजनीनगर क्षेत्र में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो युवा कार्यकर्ताओं की असमय मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। भाजपा बूथ अध्यक्ष गुड़िया गौतम के 18 वर्षीय पुत्र राहुल और महिला मंडल प्रभारी प्रियंका सिंह के 18 वर्षीय भतीजे अनुराग की सड़क हादसों में सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि थोड़ी सी सावधानी कितनी बड़ी त्रासदी को टाल सकती थी। इन हृदयविदारक घटनाओं से अत्यंत व्यथित होकर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर एक प्रेरणादायी पहल की घोषणा की है। उन्होंने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के अंतर्गत क्षेत्र में 1,000 हेलमेट वितरित करने का संकल्प लिया है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को इस प्रकार का असहनीय दुःख न झेलना पड़े।

                डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जीवन अनमोल है और उसे बचाने के लिए छोटे-छोटे कदम भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “कुछ क्षणों की लापरवाही जीवनभर का दर्द बन जाती है। यदि हेलमेट पहना होता, तो शायद ये दोनों होनहार बच्चे आज हमारे बीच होते।” यह अभियान केवल हेलमेट वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि एक व्यापक सामाजिक संदेश भी है कि माता-पिता, अभिभावक और स्वयं युवा अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। विधायक ने पार्टी पदाधिकारियों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनकर उदाहरण प्रस्तुत करें और अपने बच्चों को छोटी दूरी के लिए भी बिना हेलमेट बाइक न चलाने दें। डॉ. राजेश्वर सिंह की यह पहल न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी को दर्शाती है, बल्कि एक संवेदनशील अभिभावक की तरह समाज के प्रति उनकी गहरी चिंता और मानवीय करुणा का भी सशक्त प्रतीक है।