बहन जी का जीवन संघर्ष, त्याग और सेवा का प्रतीक : आशीष गौतम

Jan 15, 2026 - 19:37
Jan 15, 2026 - 19:38
 0  37
बहन जी का जीवन संघर्ष, त्याग और सेवा का प्रतीक : आशीष गौतम

बंथरा नगर पंचायत व माती में धूमधाम से मनाया गया बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन



सरोजनीनगर-लखनऊ। बंथरा नगर पंचायत के सभासद आशीष गौतम द्वारा गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समर्थकों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी तथा उनके दीर्घायु की कामना की। इस मौके पर सभासद आशीष गौतम ने अपने संबोधन में कहा, बहन जी का संपूर्ण जीवन संघर्ष, त्याग और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है।
उन्होंने बहुजन समाज को आत्मसम्मान और अधिकार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। गरीब, दलित, पिछड़े और शोषित वर्ग को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में उनका योगदान ऐतिहासिक है। बहन जी का नेतृत्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर सामाजिक न्याय, भाईचारा और समानता की स्थापना करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें और देश को आगे भी अपना मार्गदर्शन देती रहें।

                उधर माती गांव में भी पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन कार्यक्रम एसएचजी फार सीड की चेयरमैन गीता द्वारा आयोजित किया गया। इस मौके पर गीता ने बहन जी को नारी शक्ति और आत्मसम्मान की प्रतीक बताते हुए उनके दीर्घायु की कामना की। गीता ने अपने संबोधन में कहा कि बहन मायावती ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और संकल्प के बल पर महिलाएं किसी भी ऊंचाई को छू सकती हैं। उन्होंने दलित, पिछड़े और कमजोर वर्गों के साथ-साथ महिलाओं को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। बहन जी का जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की प्रेरक मिसाल है, जिससे आज की पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए। इस अवसर पर मायावती के चित्र पर माल्यार्पण कर केक काटा गया। कार्यक्रम में श्वेता गौतम, अनीता गौतम, सूरज गौतम सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।