वीरांगना ऊदादेवी पासी क्रिकेट टूर्नामेंट में सैदपुर की टीम बनी विजेता
पूर्व सांसद रीना चौधरी ने किया टूर्नामेंट का उद्घाटन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
सरोजनीनगर-लखनऊ। वीरांगना ऊदा देवी पासी क्रिकेट क्लब द्वारा गुरूवार को हरौनी स्थित वीरांगना ऊदा देवी पासी क्रीड़ा स्थल में ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व सांसद रीना चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रीना चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की सीख देता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि खेल के माध्यम से आगे बढ़े तो वह न केवल अपने गांव और जिले बल्कि प्रदेश व देश का नाम भी रोशन कर सकता है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं। मुख्य आयोजक एवं उत्तर प्रदेश बीडीसी संघ के अध्यक्ष दिलीप रावत, उपाध्यक्ष अशोक यादव व महासचिव देवेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सैदपुर व हरौनी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सैदपुर की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि हरौनी की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। आयोजकों ने बताया कि विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।
