अधिवक्ताओं को 5 लाख का कैशलेस बीमा, डॉ. राजेश्वर ने सीएम का जताया आभा
डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जताया आभार
बोले- अधिवक्ता परिवारों को मिलेगा बड़ा सुरक्षा कवच
लखनऊ, संवाददाता। प्रदेश के सभी अधिवक्ताओं को पांच लाख रुपये का कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस देने की घोषणा पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने इसे अधिवक्ता समाज और उनके परिवारों के लिए बड़ा सुरक्षा कवच बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आमजन के अधिकारों की रक्षा करने और जरूरतमंदों को न्याय दिलाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में अधिवक्ताओं और उनके परिवारों की स्वास्थ्य एवं आर्थिक सुरक्षा भी जरूरी है। विधायक ने बताया कि इसी उद्देश्य से उन्होंने दो अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रदेश के अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए व्यापक बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। पत्र में जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा की व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव रखा गया था, ताकि बीमारी, दुर्घटना अथवा आकस्मिक परिस्थिति में अधिवक्ता परिवारों को आर्थिक संकट से न जूझना पड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश के सभी अधिवक्ताओं के लिए पांच लाख रुपये के कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस की घोषणा गंभीर बीमारी और आकस्मिक स्वास्थ्य संकट की स्थिति में बड़ी राहत देगी। महंगे इलाज का खर्च परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं बनेगा।डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय और कानून के शासन के लिए लगातार काम करता है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और परिवारों की सुरक्षा के लिए सरकार का यह निर्णय संवेदनशील और कल्याणकारी पहल है। उन्होंने कहा कि पांच लाख रुपये का कैशलेस मेडिकल बीमा अधिवक्ताओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
