सरोजनीनगर में अवैध मीट-मुर्गा दुकानों पर नगर निगम का शिकंजा

Jun 9, 2026 - 19:20
 0  4
सरोजनीनगर में अवैध मीट-मुर्गा दुकानों पर नगर निगम का शिकंजा
विशेष अभियान चलाकर की गई जांच, क्षेत्रवासियों ने जताया संतोष

 
सरोजनीनगर-लखनऊ।   सरोजनीनगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मीट और मुर्गा दुकानों के खिलाफ नगर निगम ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू की है। अभियान के तहत ओपी चैधरी एसकेडी स्कूल, वृंदावन और आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध लाइसेंस संचालित दुकानों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के किसी भी मीट अथवा मुर्गा दुकान का संचालन नहीं किया जा सकेगा। साथ ही सड़क किनारे, फुटपाथों तथा खुले सार्वजनिक स्थलों पर पशु-पक्षियों की कटाई-छंटाई पर भी रोक रहेगी। अधिकारियों के अनुसार ऐसी गतिविधियां स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।
               स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से अवैध दुकानों के कारण क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और यातायात अव्यवस्था की समस्या बनी हुई थी। नगर निगम के अभियान से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नामित पार्षद नेहा सिंह ने इस कार्रवाई के लिए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह तथा सुषमा खर्कवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं, स्वच्छता और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की उनकी प्रतिबद्धता के कारण ही यह अभियान प्रभावी रूप से संचालित हो रहा है। नेहा सिंह ने नगर निगम की टीम और विशेष रूप से जोनल हेड विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और जनहित के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।