बीमारी में हौसला, शोक में संवेदना और शिक्षा का संकल्प लेकर परिवारों के बीच पहुंचे डॉ. राजेश्वर सिंह
कैंसर पीड़ित कार्यकर्ता से लेकर जरूरतमंद छात्रा तक, हर जरूरतमंद के साथ खड़े दिखे सरोजनीनगर विधायक
सरसवां, अर्जुनगंज में कैंसर से जूझ रहे पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार रोहित से मुलाकात कर डॉ. सिंह ने उनके बेहतर उपचार में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने राजकुमार के दोनों बच्चों की एक वर्ष की शिक्षा का शुल्क वहन करने की घोषणा की। साथ ही उनकी पुत्री के डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने में सहयोग का भरोसा दिलाया। अर्जुनगंज में नागरिकों से संवाद के दौरान आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ चुकी रिद्धिमा गौतम की जानकारी मिलने पर विधायक ने दो दिनों के भीतर उसका दोबारा विद्यालय में प्रवेश कराने और शिक्षा शुल्क की व्यवस्था का आश्वासन दिया। उन्होंने अस्वस्थ भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अपर्णा भारती से भी मुलाकात कर बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। वहीं क्षतिग्रस्त आवास वाले एक बूथ अध्यक्ष को कमरे के निर्माण के लिए व्यक्तिगत आर्थिक सहायता प्रदान की।
लखनऊ महानगर अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर महामंत्री शेर अली के आवास पर उनकी दिवंगत माता अकबरी को श्रद्धांजलि देने के बाद डॉ. सिंह ने सुभाषनगर और तेलीबाग क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। हृदय रोग से पीड़ित एक जरूरतमंद के उपचार के लिए विधायक निधि से 1.75 लाख रुपये की सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार नीरज श्रीवास्तव की तेरहवीं तथा अमौसी निवासी सत्य कुमार अवस्थी के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। डॉ. सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधित्व का अर्थ लोगों के सुख-दुःख में साथ खड़ा होना है।
