डॉ. राजेश्वर सिंह : हर RWA को बना रहे हैं ज्ञान और संवाद का केंद्र
अब तक 37 RWA’s में स्थापित कराए पुस्तकालय, लक्ष्य—सरोजनीनगर की 104 RWA’s को बनाना ‘ज्ञान केंद्र’
ज्ञान, विज्ञान और संस्कृति का संगम बन रहा है सरोजनीनगर का पुस्तकालय अभियान
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में शिक्षा, संवाद और आत्मविकास की एक नई सांस्कृतिक लहर प्रवाहित हो रही है। रविवार को उन्होंने वृंदावन योजना के अंतर्गत हिमालय एन्क्लेव, कैलाश एन्क्लेव और नीलगिरी एन्क्लेव में तीन नए पुस्तकालयों का उद्घाटन किया। यह कदम उनके उस संकल्प का हिस्सा है जिसके तहत सरोजनीनगर की प्रत्येक रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को विचार, अध्ययन और जनसंवाद का केंद्र बनाया जा रहा है।
अब तक 37 RWA’s में पुस्तकालयों की स्थापना हो चुकी है, और लक्ष्य है कि क्षेत्र की सभी 104 RWA’s को ‘ज्ञान केंद्र’ के रूप में विकसित किया जाए। इन पुस्तकालयों में भारतीय संस्कृति, विज्ञान, इतिहास, राष्ट्रनिर्माण, महापुरुषों की जीवनी और प्रेरणादायक साहित्य से जुड़ी पुस्तकें रखी गई हैं, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग अध्ययन की दिशा में प्रेरित हों। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “पुस्तकालय बौद्धिक विकास का महान मंच है। यह न केवल ज्ञान का स्रोत है, बल्कि यह व्यक्ति के भीतर विचार, विवेक और संवाद की संस्कृति को भी विकसित करता है। सरोजनीनगर को शिक्षित, जागरूक और संस्कारित समाज के रूप में विकसित करना मेरा लक्ष्य है। उन्होंने आगे कहा कि भारत की प्राचीन परंपरा में ज्ञान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। आधुनिक समाज में भी अगर हम शिक्षा, पठन-पाठन और आत्मविकास को प्राथमिकता दें, तो न केवल व्यक्ति बल्कि पूरा समाज प्रगति की दिशा में अग्रसर हो सकता है। इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह केवल पुस्तकालय स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़ा हर RWA पुस्तक चर्चा, बाल साहित्य सत्र, योग-चिंतन और राष्ट्र निर्माण पर आधारित संवाद कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। इससे न केवल युवाओं और विद्यार्थियों में पठन की आदत बढ़ेगी, बल्कि बुजुर्ग और महिलाओं को भी सामाजिक जुड़ाव का नया माध्यम मिलेगा। वृंदावन योजना के तीनों RWA में पुस्तकालय स्थापना के अवसर पर स्थानीय निवासियों ने विधायक डॉ. सिंह का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह पहल समाज में अध्ययन की संस्कृति को पुनर्जीवित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में हिमालय एन्क्लेव RWA से अध्यक्ष गोमती द्विवेदी, डॉ. पी.के. गुप्ता, डॉ. वी.के. गुप्ता, आई.पी. द्विवेदी, अशोक श्रीवास्तव, अनुप कुमार श्रीवास्तव; कैलाश एन्क्लेव RWA से अध्यक्ष गौरव शर्मा, सचिव प्रीति गुप्ता, अंजु लता शर्मा, शैली सिन्हा, प्रमोद कुमार सिन्हा, विद्याशंकर पांडेय, अजय कुमार पांडेय; और नीलगिरी एन्क्लेव RWA से मुख्य संयोजक सवालिया, अध्यक्ष मुकेश तिवारी, के.के. सिंह, आशीष कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष संजय कुमार, डॉ. संदीप सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
डॉ. सिंह की इस पहल को क्षेत्र में “ज्ञान-यज्ञ” कहा जा रहा है, जो सरोजनीनगर को बौद्धिक रूप से सशक्त, सामाजिक रूप से संगठित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बना रहा है।
