तरक्की में शिक्षा और संस्कारों की अहम भूमिका: सुन्दर लाल रावत
स्वतंत्रता दिवस पर सुन्दर लाल रावत ने किया ध्वजारोहण
सर्व सेवा संस्थान में बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री
सरोजनीनगर-लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी सुन्दर लाल रावत ने सरोजनीनगर के गंगानगर-अमौसी स्थित सर्व सेवा संस्थान में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक एवं क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर सुन्दर लाल रावत ने संस्थान में अध्ययनरत बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की। पाठ्य सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुन्दर लाल रावत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। आजादी हमें अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। इसलिए हमें स्वतंत्रता के मूल्यों की रक्षा करते हुए देश की एकता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और उचित मार्गदर्शन देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देकर ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने जीवन में मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन को अपनाएं तथा पढ़-लिखकर समाज और देश की सेवा करें। उन्होंने सर्व सेवा संस्थान द्वारा बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर शहीदों को नमन किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
