अखिलेश की राजनीति में तर्क कम, ताने अधिक : डॉ. राजेश्वर सिंह

Nov 10, 2026 - 20:22
Nov 10, 2026 - 20:26
 0  2
अखिलेश की राजनीति में तर्क कम, ताने अधिक : डॉ. राजेश्वर सिंह

बोले- सनातन और सामाजिक सद्भाव पर प्रहार दुर्भाग्यपूर्ण, युवाओं को चाहिए रोजगार और विकास

सरोजनीनगर, संवाददाता। सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हालिया सोशल मीडिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति में तर्क कम और ताने अधिक दिखाई दे रहे हैं। उनकी भाषा में बढ़ती कटुता और राजनीतिक विमर्श का गिरता स्तर प्रदेश की राजनीतिक मर्यादा के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। 'पापी', 'दरारजीवी', 'षड्यंत्रकारी' और 'दुष्मुखी' जैसे शब्द पूर्व मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं।

              डॉ. सिंह ने कहा कि किसी कथावाचक से असहमति जताना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन ब्रज और अवध में प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग करना और आयोजकों व प्रायोजकों को परिणाम भुगतने की चेतावनी देना असहमति नहीं, बल्कि धमकी की भाषा है। संतों-साधुओं, सनातन परंपरा और देवी-देवताओं के प्रति सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं, किसी राजनीतिक दल के चुनावी नारे नहीं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के युवाओं को जातियों की गिनती और राजनीतिक तुकबंदी नहीं, बल्कि रोजगार, उद्योग और निवेश का रोडमैप चाहिए। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन शुरू होना और उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर का विस्तार प्रदेश को रक्षा विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित कर रहा है। प्रदेश उद्योग, निवेश, रोजगार और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्ष अब भी जातीय समीकरणों और पुराने विवादों में उलझा है।

इनसेट- जातीय समीकरणों से बाहर निकलें अखिलेश

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि फतेहपुर के नौ अधिकारियों की जाति गिनाकर प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिकारी की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि संवैधानिक शपथ, निष्पक्षता और कार्यक्षमता से होनी चाहिए। सपा शासनकाल में भर्तियों में पक्षपात के आरोपों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का वास्तविक अर्थ गरीब और योग्य युवाओं को समान अवसर देना है, न कि चुनावी समीकरणों के आधार पर राजनीति करना। एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को जमीन, लॉकर, गहने और राशन छिनने से जोड़ना जनता में अनावश्यक भय पैदा करना है। पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करना चाहिए, न कि भ्रम फैलाना चाहिए।

इनसेट-अपने कार्यकाल का हिसाब दें अखिलेश

भाजपा विधायक ने सपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों में 60 से अधिक लोगों की मौत और 50 हजार से अधिक लोगों के विस्थापन तथा जवाहर बाग कांड में पुलिस अधिकारी की शहादत को प्रदेश भूला नहीं है। दूसरों को कानून-व्यवस्था का पाठ पढ़ाने से पहले अखिलेश यादव को अपने शासनकाल की घटनाओं की जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए। महिला सम्मान के मुद्दे पर उन्होंने सपा संस्थापक के 'लड़के हैं, गलती हो जाती है' वाले बयान, सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के परिवार को टिकट देने और सजायाफ्ता मुख्तार अंसारी के आवास पर जाने को लेकर भी सपा की राजनीतिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।