कांग्रेस जिला प्रवक्ता राज किशोर पासी ने दिया इस्तीफा
समाज-सेवा-के-कार्यों-में-व्यस्तता-बताई-वजह,-सहयोग-परिवार-संस्था-से-कर-रहे-हैं-जनहित-के-कार्य
सरोजनीनगर-लखनऊ। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राज किशोर पासी ने अपने पद तथा कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह ‘बब्लू’ को भेजा है।
राज किशोर पासी ने अपने पत्र में लिखा है कि वे लंबे समय से “सहयोग परिवार” नामक एक स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। संस्था द्वारा गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन सामाजिक गतिविधियों में निरंतर बढ़ते दायित्वों के कारण वे पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को अपेक्षित गंभीरता और समय नहीं दे पा रहे थे। उन्होंने कहा कि अब वे राजनीति से अलग होकर समाजसेवा के माध्यम से सीधे जनहित में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन समाज के कमजोर वर्गों के बीच काम करने की उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। कांग्रेस से उनके इस्तीफे की सूचना मिलते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। कई लोगों ने उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
