बस की टक्कर से घायल बाइक सवार ने तोड़ा दम
माती रोड पर एनकराइट स्कूल के सामने हुआ हादसा, चार छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सरोजनीनगर, संवाददाता। बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर दुर्घटना के बाद मौके पर वाहन छोड़कर भाग रहे बस चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
बिजनौर के प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के मुताबिक मूलरूप से बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी राकेश कुमार (32) बिजनौर स्थित षिवपुरी कालोनी में रहता था। मृतक बिजनौर अंडरपास के निकट छोला-भठूरा की दुकान लगाता था। पुलिस का कहना है कि राकेश शनिवार की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर जा रहा था। इसी दौरान बिजनौर-माती रोड स्थित एंक्रराइट स्कूल के सामने पीछे से आ रही बस ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने राकेश को इलाज के लिए बारा-बिरवा स्थित लोकबंधु अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि राकेश ने मौके पर ही दम तोड दिया था। दुर्घटना करने के बाद मौके पर वाहन सहित भाग रहे बस चालक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकर लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
इनसेट-चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उसके परिवार में पत्नी सुघरी देवी और चार छोटे बच्चे हैं। इनमें 10 वर्षीय बेटा शिवम, आठ वर्षीय बेटी प्रियंका, पांच वर्षीय बेटा शुभम और तीन वर्षीय बेटी अनन्या शामिल हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
