सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करना ही सफल प्रबंधन रू डॉ. राजेश्वर सिंह

Nov 20, 2026 - 20:08
 0  3
सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करना ही सफल प्रबंधन रू डॉ. राजेश्वर सिंह

जयपुरिया इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों से साझा किए जीवन के अनुभव, बोले- नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा

सरोजनीनगर, संवाददाता। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने शुक्रवार को जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक एवं प्रबंधन महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, उद्यमशीलता और जनसेवा के महत्व से रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करना ही सफल प्रबंधन है। युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बनना चाहिए।


         विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने अपने प्रशासनिक, पुलिस, प्रवर्तन और राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए। वर्ष 2001 के महाकुंभ का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि 10 करोड़ से अधिक लोगों की सहभागिता वाले इस विशाल आयोजन का प्रबंधन सीमित संसाधनों में किया गया था। इसकी सफलता का आधार जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझना और बेहतर समन्वय था। प्रवर्तन निदेशालय में 15 वर्षों से अधिक के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि करीब 750 अधिकारियों और कर्मचारियों की सीमित क्षमता के बावजूद 2जी, राष्ट्रमंडल खेल और कोयला घोटाले जैसे जटिल मामलों की जांच में टीमवर्क, समय प्रबंधन और स्पष्ट प्राथमिकताओं की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल निर्देश देना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी लेना और टीम की क्षमताओं का बेहतर उपयोग करना है।

            अपने विधायक कार्यालय का उदाहरण देते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि आधिकारिक तौर पर केवल तीन कर्मचारी उपलब्ध होने के बावजूद पिछले साढ़े चार वर्षों में उनके कार्यालय से 19 हजार से अधिक पत्र जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर रणनीति, समन्वय और प्रतिबद्धता से सीमित संसाधनों में भी बड़े परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। युवाओं को उद्यमशीलता के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने ब्रह्मोस निर्माण इकाई, अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक बस निर्माण इकाई, एयरो सिटी और प्रस्तावित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ और उत्तर प्रदेश में रोजगार एवं उद्यम के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। युवाओं को इन संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन रजत चैहान ने भी प्रस्तुति दी। इस मौके पर संस्थान की निदेशक डॉ. सुषमा विष्णानी, डॉ. हेमेन्द्र गुप्ता, डॉ. रश्मि चैधरी, डॉ. आरती चंदानी और सुरेंद्र पाण्डेय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।