लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने किया कंबल वितरण व तहरी भोज का आयोजन
भारी संख्या में जरूरतमंदों को बांटे कंबल, बुजुर्गों ने पार्टी के उज्ज्वल भविष्य की दी दुआ
लखनऊ। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा कंबल वितरण एवं तहरी भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव नीलम सरोज के नेतृत्व में रविवार को दुर्गागंज स्थित मुस्कान लॉन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंदों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला कुमारी तथा विशिष्ट अतिथि अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष (मध्य) राजेंद्र प्रसाद रावत उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि भीषण ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों को कंबल वितरण करना एक पुनीत कार्य है। पार्टी अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत हमेशा गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के साथ खड़ी रही है। यह विचारधारा पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान द्वारा दी गई है, जिसे कार्यकर्ता आज भी पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रहे हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला कुमारी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का मिशन समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। पार्टी लगातार जनसेवा के कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के कुसमौरा हलुआपुर, मंडौली, मौलवी खेड़ा, काकोरी, रानियां मऊ, दुर्गागंज समेत आसपास के कई गांवों के जरूरतमंद बुजुर्गों व महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। आयोजक नीलम सरोज ने सभी उपस्थित लोगों को पार्टी का झंडा भी भेंट किया और अपील की कि वे इसे अपने घरों पर लगाकर पार्टी के विस्तार में सहयोग करें। इस मौके पर राम कुमार भारती, राजेश रावत, लेबर सेल के जिलाध्यक्ष नागेंद्र पासवान, जिला उपाध्यक्ष कमाल अहमद, लोकसभा प्रभारी दिनेश वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष रावत, रवि रावत, विजय रावत, गीता भार्गव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आगे भी इस तरह के जनसेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
