आभार दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, हजारों ने दी डॉ. राजेश्वर सिंह को बधाई
जनसेवा के चार वर्ष पूरे होने पर जन्मदिन के मौके पर शुरू हुईं कई विकास योजनाएं
लखनऊ, संवाददाता। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आशियाना स्थित आवास पर बुधवार को आभार दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों ने पहुंचकर विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कई विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत भी की गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों की यह यात्रा केवल उपलब्धियों की नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सहयोग की कहानी है। उनका संकल्प है कि सरोजनीनगर को उत्तर प्रदेश का एक आदर्श और विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाया जाए, जहां शिक्षा मजबूत हो, युवा सशक्त हों और समाज सुरक्षित व समृद्ध बने। इस अवसर पर विधायक ने तीन नए रण बहादुर सिंह (आरबीएस) डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ एम्पावरमेंट सेंटर का लोकार्पण किया। इससे पहले उनके प्रयासों से क्षेत्र में 14 सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जहां युवाओं को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा और डिजिटल स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मेधावी सम्मान कार्यक्रम के तहत 25 विद्यार्थियों को लैपटॉप और 50 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। उनकी पहल पर अब तक क्षेत्र में 1700 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 10 नए तारा शक्ति सिलाई केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर सेफ सरोजनीनगर अभियान के तहत 1000 हेलमेट वितरित किए गए। पर्यावरण संरक्षण के लिए कदंब के पौधे लगाकर नेट जीरो सरोजनीनगर अभियान की शुरुआत की गई। साथ ही युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए 10 नए यूथ क्लब स्थापित कर उन्हें स्पोर्ट्स किट देने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के पांच मंदिरों में हैंडपंप लगाए जाने की भी घोषणा की गई। विधायक निधि और सीएसआर के माध्यम से अब तक क्षेत्र में 360 हैंडपंप स्थापित किए जा चुके हैं तथा 200 से अधिक मंदिरों में सोलर लाइट, बेंच और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
