बिजनौर में प्रेमिका के बेटे ने ही की थी युवक की हत्या
पहले पिलाई शराब और फिर ईट व चापड़ से हमला कर उतार दिया मौत के घाट
रिश्ते में चाचा (नाबालिग) के साथ मिलकर वारदात को दिया था अंजाम
मोबाइल की लोकेशन के सहारे हत्यारों तक पहुंची पुलिस
उल्लेखनीय है कि बिजनौर थाना क्षेत्र के अशरफनगर-इठुरिया के डेरहवा मोहल्ले स्थित अपनी ननहिाल में रहने वाला सूरज कुमार गौतम उर्फ छोटू (28) का क्षतविक्षत शव शनिवार की सुबह रायल सिटी को जाने वाली सड़क के किनारे एक प्लाट में पड़ा मिला था। डीसीपी (दक्षिण) अमित कुमार आनन्द ने बताया कि पुलिस एवं सर्विलांस टीमों ने करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की और शनिवार की देर शाम ही मुख्य आरोपी अनिल यादव और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी अनिल यादव ने बताया कि उसकी मां और मृतक सूरज के बीच पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। करीब दो महीने पहले उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और सूरज को घर आने से मना किया। इसके बावजूद सूरज का आना-जाना जारी रहा, जिससे वह आक्रोशित था और रिश्ते में अपने चाचा के साथ मिलकर सूरज की हत्या कर दी।
इनसेट-पहले शराब पिलाई फिर किया चापड़ से हमला
अनिल ने बताया कि उसने अपने नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर सूरज की हत्या की योजना बनाई। 08 मई को दोनों ने सूरज को बुलाया और शराब लाने के लिए पैसे दिए। इसके बाद वे लोग सूरज की बाइक से गांव के बाहर आम के बाग के पास स्थित एक सुनसान प्लॉट पर पहुंचे और शराब पीने लगे। योजना के तहत सूरज को अधिक शराब पिलाई गई। जब वह नशे में हो गया तो अनिल ने पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उसके चेहरे पर हमला कर दिया। सूरज ने भागने की कोशिश की लेकिन नशे के कारण गिर पड़ा। इसके बाद अनिल और उसके नाबालिग साथी ने चापड़ और ईंट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
इनसेट-पुलिस के पहुंचने पर घटना स्थल पर रहे मौजूद
अनिल ने बताया कि लोगों को उस पर आषंका न हो इसलिए उसने सूरज का मोबाइल फोन निकाल लिया और हत्या में प्रयुक्त चापड़ व खून लगी ईंट को पास के खेत में फेंक दिया। इसके बाद खून से सने कपड़ों धोया और उन्हीं कपड़ों में वैवाहिक कार्यक्रम शामिल हुए। इतना ही घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस की जांच के दौरान भी वह मौके-ए-वारदात पर मौजूद रहे।
