दुबग्गा में आम के बागों पर चला आरा, अवैध कटान पर पुलिस की भूमिका सवालों में
वन विभाग की तहरीर के चार दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं, किसान पथ किनारे दो बाग उजड़ने का आरोप
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र में अवैध कटान का मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि किसान पथ स्थित सैदपुर बढ़ौना आउटर के पास आम के दो बागों को लकड़कट्टों ने काट डाला, जबकि उस समय पेड़ों पर आम की फसल भी लदी हुई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अवैध कटान पुलिस की जानकारी और संरक्षण में किया गया, जबकि रात्रि गश्त पूरी तरह बेखबर बनी रही। सूत्रों के मुताबिक बीते शुक्रवार को ठेकेदारों द्वारा बड़े पैमाने पर फलदार पेड़ों की कटाई कराई गई। लोगों का कहना है कि पेड़ों पर तैयार हो रही आम की फसल के बावजूद बागों को उजाड़ दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी शिवसहाय ने मौके की जांच कर दुबग्गा थाने में दरोगा मजीद खान को तहरीर दी थी।
आरोप है कि तहरीर दिए जाने के चार दिन बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध कटान की दोनों तहरीरों को दबाकर रखा गया है। वहीं उच्चाधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
