अंडरग्राउंड सीवर पाइप को बिना साफ-सफाई के बंद किये जाने की योजना का आरोप
सरोजनीनगर विधायक डाॅ0 राजेश्वर सिंह को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की गुहार
सरोजनीनगर-लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एलिवेटड एक्सप्रेस-वे का निर्माण करा रही पीएनसी के कर्मचारियों एवं अधिकारियों की उदासीनता के चलते कृष्णालोक कालोनी में जलभराव की समस्या बढ़ती जा रही है। कालोनी के अध्यक्ष व दरोगाखेड़ा व्यापार मंडल के महामंत्री डाॅ0 अजीत कुमार ने कंपनी पर कृष्णलोक कॉलोनी व रनियापुर मोड़ के अंडरग्राउंड सीवर पाइप को बिना साफ-सफाई कराए ही बंद किये जाने की योजना बनाए जाने का आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि कृष्णा लोक कॉलोनी का पानी रनियापुर की तरफ जाने वाले नाला में जाता है। एलिवेटेड रोड के निर्माण के दौरान पीएनसी कंपनी द्वारा कृष्णालोक कालोनी के इस नाले को बंद कर दिया गया था। कालोनीवासियों का कहना है कि जब इसका विरोध किया गया तो कंपनी ने कालोनी की सीवर पाइप को साफ कराकर बंद किये जाने का आश्वासन दिया गया था। कालोनीवासियों का कहना है कि कंपनी अब इस अंडरग्राउंड सीवर पाइप की साफ-सफाई कराए बिना ही बंद करने की तैयारी में है। कालोनीवासियों को आशंका है कि अगर कंपनी ने अंडरग्राउंड सीवर पाइप की साफ-सफाई कराए बिना बंद करा दिया तो आने वाले समय में कालोनी में भंयकर जलभराव होगा। इसी को लेकर डाॅ0 अजीत कुमार द्वारा सरोजनीनगर विधायक डाॅ0 राजेश्वर सिंह को संबोधित संदेश सोशल मीडिया में भेजकर कॉलोनी की अंडरग्राउंड सीवर पाइप की साफ-सफाई कराकर बंद किये जाने का निर्देश जारी करने की मांग की है।