चोरी का सामान बेचते तीन संदिग्ध को दबोचा

Apr 10, 2026 - 20:23
 0  16
चोरी का सामान बेचते तीन संदिग्ध को दबोचा

टीपीनगर में वाहनों की वायरिंग व ऑटो पार्ट्स चोरी का खुलासा 

 सरोजनीनगर-लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र के टीपीनगर में बेखौफ चोरों ने गुरुवार रात गैरेज के सामने खड़े कई वाहनों से वायरिंग और ऑटो पार्ट्स चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह रही कि शुक्रवार सुबह यही आरोपी चोरी का सामान पास की ही एक कबाड़ी की दुकान पर बेचने पहुंच गए, जहां पीड़ितों की सतर्कता से पूरा मामला खुल गया।
          थाना क्षेत्र के टीपीनगर निवासी लाल बहादुर पाल के मुताबिक उनके घर के सामने खड़े तीन भारी वाहनों की वायरिंग और तार रात में चोरी हो गए। सुबह जब उन्होंने वाहन देखे तो वायरिंग पूरी तरह गायब थी। इसी तरह बदालीखेड़ा की पंचम विहार कॉलोनी निवासी कमल सिंह, जिनका टीपीनगर में मोटर कारखाना है, ने बताया कि उनके यहां से भी गाड़ी की बॉडी से जुड़े कई कीमती पार्ट्स चोरी कर लिए गए। शुक्रवार सुबह गैरेज के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर तीन युवक संदिग्ध हालात में लोहे का सामान बेचते दिखे। शक होने पर लाल बहादुर और कमल सिंह मौके पर पहुंचे और सामान की पहचान की, जो उनका ही चोरी हुआ माल निकला। इस पर उन्होंने युवकों से पूछताछ शुरू की तो आरोपी भागने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों संदिग्धों को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उनकी धुनाई करते हुए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची टीपीनगर पुलिस चौकी की टीम ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।