मकर संक्रांति पर शिव शंकर सिंह ‘शंकरी’ ने जरूरतमंदों को कंबल व खिचड़ी किट बांटी

Jan 14, 2026 - 20:56
 0  4
मकर संक्रांति पर शिव शंकर सिंह ‘शंकरी’ ने जरूरतमंदों को कंबल व खिचड़ी किट बांटी

बंथरा के गांव बनी में जनकल्याणकारी कार्यक्रम, ग्रामीणों से संवाद कर विकास कार्यों की दी जानकारी

लखनऊ। मकर संक्रांति पर्व की पूर्व संध्या पर बुधवार को वरिष्ठ भाजपा नेता शिव शंकर सिंह शंकरी ने सरोजनी नगर क्षेत्र के बंथरा स्थित अपने मूल गांव बनी में जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने जरूरतमंद ग्रामीणों को उच्च गुणवत्ता वाले डबल बेड कंबल एवं खिचड़ी किट भेंट कर सम्मानित किया। खिचड़ी किट में बासमती चावल, दाल, देशी घी, नमक और अचार शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने सभी ग्रामीणों को जलपान भी कराया और मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिव शंकर सिंह शंकरी ने गांव के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की और ग्रामीणों के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के तहत श्री रेतेश्वर धाम मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए शासन से पांच करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इसके साथ ही 27.46 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। शिव शंकर सिंह ने कहा कि वह एक साधारण किसान परिवार से आते हैं और आज जो भी उपलब्धि उन्हें मिली है, वह ग्रामीणों के आशीर्वाद और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने सरोजनी नगर विधानसभा के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य संभव हो सके हैं। इस कार्यक्रम में प्रधान बनी रमेश गुप्ता, पूर्व प्रधान राकेश सिंह, पार्षद मनोज रावत सहित कई गणमान्य लोग और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।