अब पेट्रोल की किल्लत, प्रीमियम खरीदने को मजबूर लोग

Mar 26, 2026 - 18:53
 0  6
अब पेट्रोल की किल्लत, प्रीमियम खरीदने को मजबूर लोग

सामान्य पेट्रोल खत्म, कई पम्पों पर मारामारी; 10 रुपये महंगा ईंधन भरवा रहे ग्राहक                                                                           सरोजनीनगर, संवाददाता। सरोजनीनगर क्षेत्र में अब पेट्रोल और डीजल की किल्लत भी गहराने लगी है। क्षेत्र के अधिकतर पेट्रोल पम्पों पर सामान्य पेट्रोल और डीजल की कमी से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कई पम्पों पर सामान्य पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो चुका है, जबकि ग्राहकों को मजबूरी में प्रीमियम पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है। क्षेत्र के अनौरा स्थित बुद्धा फिलिंग स्टेशन और शिवम फिलिंग स्टेशन, बंथरा स्थित अनारी फिलिंग स्टेशन तथा गढ़ी-चुनौटी स्थित इन्द्र फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल नदारद होने की बात सामने आई है। वहीं जहां पेट्रोल उपलब्ध है, वहां सामान्य की जगह केवल प्रीमियम पेट्रोल बेचा जा रहा है। इससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। एयरपोर्ट तिराहे के पास स्थित अश्विन पावर पेट्रोल पम्प पर बाइक सवारों की लंबी कतारें देखी गईं। पेट्रोल भरवाने पहुंचे रोहित ने बताया कि सामान्य पेट्रोल की कीमत 94 रुपये प्रति लीटर है, जबकि प्रीमियम पेट्रोल 104 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। उनका कहना था कि पम्प पर सामान्य पेट्रोल उपलब्ध नहीं है, इसलिए मजबूरी में 10 रुपये प्रति लीटर अधिक कीमत देकर प्रीमियम पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। खासकर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों, बाइक सवारों और छोटे वाहन चालकों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।