तेज रफ्तार डीसीएम ने खड़ी वैन में मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला
बंथरा में अनियंत्रित वाहन ने वैन को घसीटकर नाले तक पहुंचाया, चालक मौके से फरार
सरोजनीनगर। बंथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से एक मारुति वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय वाहन में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताते हैं कि बंथरा गांव निवासी नंद लाल शुक्रवार को अपनी मारुति वैन (यूपी 32 एचएन 3645) से सरोजनीनगर गए थे। शाम करीब 5 बजे लौटकर उन्होंने बंथरा स्थित राजपूत नर्सिंग होम के पास कानपुर रोड किनारे गाड़ी खड़ी कर दी और दवा लेने चले गए। इसके बाद वह निजी काम से पास के हनुमान मंदिर चले गए। इसी दौरान सरोजनी नगर की तरफ से पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित डीसीएम ने खड़ी वैन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वैन नाले पर चढ़ते हुए कमल दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने जाकर रुकी। वहीं घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बाद में जानकारी होने पर नंदलाल ने घटना की तहरीर बंथरा थाने में दी। पुलिस डीसीएम नंबर के आधार पर उसके चालक का पता लगा रही है।
