बारिश में डूबी औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें, टैंकर धंसा

Apr 8, 2026 - 19:50
 0  33
बारिश में डूबी औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें, टैंकर धंसा


जलभराव से आवागमन ठप, उद्योगों पर बढ़ा संकट

सरोजनीनगर-लखनऊ। सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति ने उद्योगों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हल्की बारिश होते ही पूरा इलाका जलभराव की चपेट में आ जाता है और सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। इससे जहां आवागमन बाधित हो रहा है, वहीं वाहनों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि फैक्ट्रियों में आने वाले वाहन आए दिन सड़कों में धंस रहे हैं।
      फैक्ट्री मालिकों के मुताबिक हाल ही में जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की ठीक से मरम्मत नहीं की गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। नतीजा यह कि बीती रात एक फैक्ट्री में तेल लेकर आया एक टैंकर सड़क में फंसकर धंस गया। जिससे वाहन चालक व फैक्ट्री कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को रोजाना जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है। सरोजनी नगर इंडस्ट्रियल एरिया मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीलमणि वाष्णेर्य ने बताया कि कानपुर रोड से प्रवेश बंद होने के कारण पहले ही उद्योग प्रभावित थे और अब बारिश ने समस्या को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। महासचिव रितेश श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो भारी बारिश के दौरान हालात और भयावह हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र को इस समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।