भटगांव में शिक्षा-स्वास्थ्य को प्राथमिकता, प्रधान तारा की पहल से बदली तस्वीर
मॉडल स्कूल, आंगनबाड़ी, मिनी स्टेडियम और सीसीटीवी से बच्चों के सुरक्षित व समग्र विकास पर जोर
सरोजनीनगर, संवाददाता। सरोजनीनगर क्षेत्र की भटगांव ग्राम पंचायत में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर विकास कार्यों की नई मिसाल पेश की जा रही है। ग्राम प्रधान तारा के नेतृत्व में गांव के पांच प्राथमिक विद्यालयों का करीब 50 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कर उन्हें मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है, जिससे ग्रामीण बच्चों को बेहतर शिक्षा का वातावरण मिल सके। छोटे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने और उनमें जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से करीब 10 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी केंद्र एवं बाल वाटिका का निर्माण कराया गया है। इससे बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए 27 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया है, जिससे गांव के बच्चों को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके हैं। वहीं, बच्चों को स्कूल तक सुरक्षित और सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए करीब 50 लाख रुपये की लागत से सभी विद्यालयों तक आरसीसी सड़क का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थानों पर 10 सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन पहलों से गांव में शिक्षा के प्रति माहौल बेहतर हुआ है और बच्चों के भविष्य को लेकर एक सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
