लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र मनप्रियम ने बढ़ाया शहर का मान

Apr 25, 2026 - 18:26
 0  5
लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र मनप्रियम ने बढ़ाया शहर का मान

सीयूईटी (पीजी) में चौथी ऑल इंडिया रैंक, इससे पहले आईआईटी जैम में भी किया था शानदार प्रदर्शन

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र मनप्रियम ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राजधानी का नाम रोशन किया है। उन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (पीजी) में चौथी ऑल इंडिया रैंक हासिल की है। इससे पहले भी उन्होंने आईआईटी जैम परीक्षा में 45वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर अपनी क्षमता का परिचय दिया था।

            मनप्रियम वर्तमान में लखनऊ विश्वविद्यालय में बीएससी छठे सेमेस्टर के छात्र हैं। उन्होंने गणित विषय से सीयूईटी (पीजी) परीक्षा दी थी। शुक्रवार देर शाम घोषित हुए परिणाम में उन्होंने 300 में से 259 अंक प्राप्त कर देशभर में चौथा स्थान हासिल किया। एनटीए द्वारा जारी टॉप-5 सूची में उनका नाम चौथे स्थान पर दर्ज है। सीयूईटी (पीजी) के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। अपनी सफलता पर मनप्रियम ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की दोनों परीक्षाओं में मिली उपलब्धियों के बाद उन्हें गणित में उच्च शिक्षा और शोध के लिए देश के शीर्ष संस्थानों में प्रवेश के अवसर प्राप्त होंगे। खास बात यह है कि उन्होंने स्व-अध्ययन के बल पर यह सफलता हासिल की है। मनप्रियम ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। कानपुर रोड स्थित हिन्दनगर में रहने वाले मनप्रियम मूल रूप से लखीमपुर-खीरी जनपद के निवासी हैं। उनकी माता पंखुड़ी सिंह गृहिणी हैं, जबकि पिता यदुनाथ सिंह मुरारी किसान एवं रचनाधर्मी हैं। उनकी इस सफलता पर शिक्षकों, सहपाठियों और समाज के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है।