अवध कॉलेजिएट के विद्यार्थियों का जेईई मेन में उत्कृष्ट प्रदर्शन, संस्थान में खुशी की लहर
नमन जैन ने 97.46þ अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक 5784 और हर्ष शर्मा ने 94.89þ अंकों के साथ रैंक 80084 हासिल कर बढ़ाया मान
सरोजनीनगर-लखनऊ। अवध कॉलेजिएट के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि संस्थान के दो होनहार विद्यार्थियों ने जेईई मेन के सेकंड सेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने परिवार, बल्कि विद्यालय का नाम भी रोशन किया है। इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र नमन जैन ने 97.46% अंक अर्जित कर ऑल इंडिया रैंक 5784 हासिल की है। वहीं, छात्र हर्ष शर्मा ने 94.89% अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 80084 प्राप्त की। दोनों विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता को संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। विद्यालय के प्रबंधक श्री सर्वजीत सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह भी सिद्ध करती है कि उचित मार्गदर्शन, सकारात्मक वातावरण और कठिन मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्थान सदैव विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
निर्देशिका श्रीमती जतिंदर वालिया ने भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे अवध कॉलेजिएट परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय की प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ किया है। साथ ही उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि दोनों छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर प्रगति करते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे। विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल विषयगत ज्ञान प्रदान किया, बल्कि समय-समय पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन भी किया, जिससे वे इस मुकाम तक पहुंच सके। अवध कॉलेजिएट परिवार ने दोनों सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और आशा जताई है कि वे आगे भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।
