किसान की बेटी बनी पीसीएस अधिकारी, संघर्ष की कहानी बनी प्रेरणा
डिप्टी कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) पद पर चयन, गांव में खुशी की लहर
सरोजनीनगर-लखनऊ। विकासखंड सरोजनीनगर के सैदपुर-पुरही गांव की एक साधारण किसान परिवार की बेटी ने असाधारण उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। प्रेमशंकर वर्मा की पुत्री मीनू रावत ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर डिप्टी कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) के पद पर चयन पाया है। इस सफलता ने न सिर्फ उनके माता-पिता के संघर्ष को सार्थक किया, बल्कि गांव की बेटियों के लिए नई राह भी खोल दी है।
मीनू की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, सीमित संसाधनों में पढ़ाई और परिवार का अटूट सहयोग रहा। गांव के प्राथमिक विद्यालय से अपनी पढ़ाई शुरू करने वाली मीनू ने जय नारायण पीजी कॉलेज से परास्नातक किया। साधारण परिवेश में पली-बढ़ी मीनू ने कभी हालातों को अपनी राह की बाधा नहीं बनने दिया।
आज वह सीतापुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में कार्यरत रहते हुए इस मुकाम तक पहुंची हैं। बेटी की सफलता पर माता-पिता की आंखें गर्व और खुशी से छलक उठीं। गांव में जैसे ही यह खबर पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पूर्व सांसद रीना चौधरी, चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत रावत के अलावां भाजपा नेता भारतीय जनहित महासभा के प्रदेश अध्यक्ष विनोद मौर्या, भाजपा के जिला सहकोषाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, भाजपा नेता सुभाष पासी, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी वीरेन्द्र वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि विपिन रावत (पीनू), सभासद आशीष कुमार गौतम, माखन सिंह चौहान, बीसीडी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप रावत, प्रदीप रावत, राम किशोर कश्यप, रामबाबू रावत, मुकेश सिंह चौहान, रक्षापाल सिंह, वीर कांत रावत व सुरेश कुमार ने घर पहुंचकर बधाई दी।
