नगर निगम सदन में उठाई वार्ड की गंभीर समस्याएं : राम नरेश रावत

Jan 28, 2026 - 10:53
Jan 28, 2026 - 10:55
 0  6
नगर निगम सदन में उठाई वार्ड की गंभीर समस्याएं : राम नरेश रावत

बंधुवा तालाब पर कब्जा व अलीनगर में अवैध खनन और टूटी सड़कों का मुद्दा

महापौर व नगर आयुक्त ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन

सरोजनीनगर-लखनऊ। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 के पार्षद राम नरेश रावत ने कहा कि 27 जनवरी को आयोजित नगर निगम सदन की बैठक में वार्ड से जुड़ी गंभीर जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिसमें बंधुवा तालाब पर कब्जा व अलीनगर में अवैध खनन और टूटी सड़कों का मुद्दा शामिल है। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त द्वारा क्षेत्र की समस्याएं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया गया। 
              पार्षद राम नरेश रावत ने बतायाकि बंधुवा तालाब स्थित छठ पूजा घाट पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर घाट की पवित्रता से खिलवाड़ किया जा रहा है। जिससे आस्था से जुड़े लोगों में आक्रोश है। इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। उन्होंने बताया कि इस अवैध कब्जे को तुरंत रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अलीनगर सुनहरा स्थित गाटा संख्या 1138, जो लगभग 85 बीघा नगर निगम जलकल की भूमि है, पर रोजाना रात के अंधेरे में हो रहे अवैध खनन का मामला रखा गया। बताया गया कि भूमाफिया खुलेआम मिट्टी का खनन कर रहे हैं, जिससे सरकारी भूमि को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इस पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। इसके अतिरिक्त वार्ड में जल निगम एवं जलकल विभाग द्वारा पक्की सड़कों को खोदकर पाइपलाइन डालने के बाद उन्हें जर्जर अवस्था में छोड़ देने का विषय भी सदन में रखा गया। इससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। पार्षद ने माननीय महापौर जी से सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराने का अनुरोध किया।