सरोजनीनगर में ‘नेट ज़ीरो इंडस्ट्री’ का शुभारंभ, हरित औद्योगिक क्रांति की दिशा में बड़ा कदम

Apr 10, 2026 - 21:32
 0  2
सरोजनीनगर में ‘नेट ज़ीरो इंडस्ट्री’ का शुभारंभ, हरित औद्योगिक क्रांति की दिशा में बड़ा कदम

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में पहल लॉन्च,

डॉ. राजेश्वर सिंह बोले-नेट ज़ीरो अब विकल्प नहीं, आर्थिक आवश्यकता

सरोजनीनगर-लखनऊ। सरोजनीनगर ने ‘द ग्रीन शिफ्ट’ के अंतर्गत ‘नेट ज़ीरो इंडस्ट्री’ पहल का शुभारंभ कर हरित औद्योगिक क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ, जहां उद्योगों को सतत विकास के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय और दूरदर्शी सोच जरूरी है। समस्याओं के उत्पन्न होने का इंतजार करने के बजाय, उनके समाधान के लिए पहले से तैयारी करनी होगी। उन्होंने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उद्योगों को एक साझा मंच पर लाकर हरित भविष्य की दिशा में ठोस कदम है।  उन्होंने कहा कि यह पहल अब जागरूकता से आगे बढ़कर जमीनी क्रियान्वयन की दिशा में प्रवेश कर चुकी है। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। विशेषज्ञों ने बताया कि हीट स्ट्रेस और प्रदूषण के कारण उत्पादन पर गंभीर असर पड़ रहा है, जिससे उद्योगों को करोड़ों का नुकसान हो रहा है। ऐसे में ‘नेट ज़ीरो’ मॉडल न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगा, बल्कि उद्योगों के लिए आर्थिक अवसर भी पैदा करेगा। रूफटॉप सोलर, ऊर्जा दक्षता और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे उपायों से लागत में कमी और लाभ में वृद्धि संभव है। साथ ही, सरकार की विभिन्न योजनाओं और ग्रीन फाइनेंसिंग के माध्यम से उद्योगों को सहयोग भी मिलेगा। इस पहल के साथ सरोजनीनगर देश में विकेंद्रीकृत जलवायु कार्रवाई का एक मॉडल बनकर उभर रहा है, जो आने वाले समय में सतत विकास की नई दिशा तय करेगा।