खेत मे बकरियां जाने पर बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा

Apr 10, 2026 - 20:21
 0  5
खेत मे बकरियां जाने पर बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा

घटना शिकायत लेकर थाने गये बुजुर्ग को पुलिस ने लौटाया
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस

 सरोजनीनगर-लखनऊ। बिजनौर क्षेत्र में एक छोटी सी अनजानी गलती एक बुजुर्ग के लिए भारी पड़ गई। खेत में गिरी गेहूं की बालियों की जानकारी न होने पर बकरियां चराना 70 वर्षीय बाबूलाल के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया, जब एक किसान ने उन्हें बेरहमी से पीट दिया।
          जानकारी के अनुसार बिजनौर निवासी किसान सियाराम ने हाल ही में अपने खेत में खड़ी गेहूं की फसल की मड़ाई मशीन से कराई थी। मड़ाई के दौरान कुछ बालियां खेत में ही बिखर गई थीं। गुरुवार को गांव के ही बुजुर्ग बाबूलाल (70) अपनी बकरियां लेकर चराने निकले, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि खेत में गेहूं की बालियां पड़ी हैं। इसी दौरान उन्होंने बकरियों को सियाराम के खेत में छोड़ दिया। यह देख सियाराम आग बबूला हो गया। उसने बाबूलाल को बुलाकर डंडे से जमकर पीटा। मारपीट में बुजुर्ग के हाथ, पैर और कंधे में गंभीर चोटें आईं। घायल बाबूलाल जब न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे तो उन्हें निराशा हाथ लगी। आरोप है कि पुलिस ने बिना तहरीर लिए ही जांच का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया। हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और बाबूलाल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया। यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता को भी उजागर करती है। एक बुजुर्ग, जो अनजाने में गलती कर बैठा, उसके साथ इस तरह की हिंसा मानवता को शर्मसार करती है।