नौकरी के पीछे न भागें, अपने पैरों पर खड़े हों : डॉ. पूनम सिन्हा

Nov 3, 2025 - 20:18
Nov 3, 2025 - 20:20
 0  8
नौकरी के पीछे न भागें, अपने पैरों पर खड़े हों : डॉ. पूनम सिन्हा

खुद का व्यवसाय करें और दूसरों को दें रोजगार

सेंट्रल यू.पी. गैस लिमिटेड व निसबड के संयुक्त तत्वावधान में उन्नाव में उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

उन्नाव। नौकरी के पीछे भागने के बजाय युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए। आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं और खुद का व्यवसाय शुरू कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें। यह बात भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) की महानिदेशक डॉ. पूनम सिन्हा ने सोमवार को कही। डॉ. सिन्हा सोमवार को उन्नाव के मोतीनगर, में सेंट्रल यू.पी. गैस लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एवं निसबड द्वारा आयोजित उद्यमिता एवं सह कौशल विकास कार्यक्रम के तहत सेल्फ एम्प्लॉयड टेलर और हेयर स्टाइलिस्ट ट्रेड पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रतिभागियों को संबोधित कर रही थीं। 
    कार्यक्रम में डॉ. सिन्हा ने कहा कि महिलाओं में स्वाभाविक रचनात्मकता और प्रबंधन की क्षमता होती है, जो उन्हें एक सफल उद्यमी बनने की दिशा में मजबूत आधार देती है। उन्होंने कहा, निसबड महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने कहा कि निसबड का प्रमुख उद्देश्य देश के अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि आज देश में ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो खुद के साथ दूसरों को भी आगे बढ़ने का अवसर दें। हम चाहते हैं कि प्रशिक्षित प्रतिभागी यहां सीखे कौशल का उपयोग कर अपने क्षेत्र में रोजगार सृजन करें और समाज में एक नई दिशा दें।  उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा युवाओं और महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, कौशल विकास योजना, और स्वरोजगार सहायता योजनाएं चलाई जा रही है, जिनका लाभ उठाकर छोटे-बड़े उद्योग, सेवा क्षेत्र या स्टार्टअप के रूप में सफलता प्राप्त की जा सकती है। महानिदेशक डॉ. सिन्हा ने कहा कि उद्यमिता केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का इंजन है। जब युवा स्वयं का व्यवसाय स्थापित करता है, तो वह न केवल अपनी स्थिति सुधारता है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी योगदान देता है। डॉ. सिन्हा ने उपस्थित प्रशिक्षुओं से नवाचार, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत को रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला देश बनाना है, और इसके लिए युवाओं को आगे आना होगा। निसबड के प्रदेश प्रभारी प्रभाकर बहुगुणा ने बताया कि यह प्रशिक्षण स्थानीय मांग और रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सेंट्रल यू.पी. गैस लिमिटेड के सहयोग से चल रहे इस कार्यक्रम का लक्ष्य अर्धशहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और टूलकिट के साथ ही आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।  

इनसेट-सफल उद्यमियों को किया सम्मानित
निसबड की महानिदेशक डॉ0 पूनम सिंह द्वारा सफल उद्यमियों को सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण आयोजक ने बताया कि सेंट्रल यू.पी. गैस लिमिटेड के प्रायोजन से वर्ष-2024-25 में निसबड द्वारा उन्नाव में आयोजित मेकअप आर्टिस्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रीती यादव, रोली पाल व नैन्सी सविता द्वारा प्रशिक्षण लिया था। इन तीनों प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान ही अपना व्यवसाय शुरू किया था। मौजूदा समय में यह सभी प्रतिभागी हजारों रूपये कमाने के साथ ही अन्य युवतियों को रोजगार भी दे रही है। इस मौके पर प्रीती यादव ने बताया कि उन्होने अपने घर से ब्यूटीशियन का काम शुरू किया था और छह माह के बाद अपना पार्लर खोल लिया। जिससे उन्हें 50 से 60 हजार रूपये प्रतिमाह की आमदनी हो रही है। इसी प्रकार सुश्री रोली पाल ने बताया कि उन्होंने प्रशिक्षण पूरा होने के तुंरत बाद अपने घर पर ही पार्लर खोला था। जिससे उनको करीब 30-40 हजार की आय हो रही है। जबकि नैन्सी सविता बिना पार्लर खोले ही डोर टू डोर दे रही है। जिससे उन्हें 50 हजार से अधिक की आय हो रही है। महानिदेशक डॉ0 सिन्हा द्वारा इन सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।