भर्ती में पारदर्शिता और युवाओं को अवसर दे रही योगी सरकार : डॉ. राजेश्वर सिंह
60 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की तैयारी, सिपाही भर्ती परीक्षा में 21.92 लाख अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा
लखनऊ, संवाददाता। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश रोजगार सृजन, भर्ती में पारदर्शिता और युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से युवाओं में व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है और अब उनका भविष्य उनकी योग्यता एवं मेहनत के आधार पर तय हो रहा है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में ई-पोर्टल सक्रिय होने के बाद शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को नई गति मिली है। प्रदेश में करीब 60 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। नगर क्षेत्रों के 11,508 रिक्त पदों का विवरण आयोग को भेजा जा चुका है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 48 हजार पदों का डेटा ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। इससे लंबे समय से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को जल्द अवसर मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि 32,679 सिपाही पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा में 21.92 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 8 से 10 जून तक प्रदेश के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। कानपुर, गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ में फर्जी अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि प्रदेश सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी के अवसर देना ही नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना भी है। इसके लिए शिक्षा, डिजिटल स्किल, तकनीकी प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अपस्किलिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की ऊर्जा हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रणाली नई कार्यसंस्कृति का प्रतीक बन चुकी है। यह केवल सरकारी नौकरियों की भर्ती नहीं, बल्कि लाखों युवाओं की आशाओं, परिवारों के विश्वास और नए उत्तर प्रदेश के आत्मविश्वास को मजबूत करने का अभियान है।
