मुंबई में भारी बारिश; चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद:UP में बाढ़ में फंसी गर्भवती की नाव पर मौत; MP में नदियां उफान पर
कुछ दिन के ब्रेक के बाद मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है। हिमालय के राज्यों में बादल फटने की घटनाएं हो रही हैं। वहीं मैदानी इलाकों बाढ़ का पानी फसलों और रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा रहा है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई शहर, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग के अलावा कोंकण और गोवा में अचानक बाढ़ आने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में अस्पताल जा रही गर्भवती महिला की नाव पर ही मौत हो गई। मड़इया गांव बाढ़ के पानी से घिरा है। ऐसे में परिजनों ने प्रसव पीड़ा होने पर नाव से आशा कार्यकर्ता को बुलाया। आशा कार्यकर्ता ने जांच के बाद अस्पताल ले जाने को कहा। पति और आशा कार्यकर्ता जमुना को नाव में लिटाकर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मध्य प्रदेश में भी बाढ़ के हालात हैं। बड़वानी के राजपुर में नदी-नाले उफान पर हैं। यहां के नगर पालिका उपाध्यक्ष की कार नदी में बह गई। प्रदेश में 939.8mm बारिश होती है। अब तक 787.4mm हो चुकी है। देशभर में बारिश-बाढ़ की 4 तस्वीरें... देशभर में शनिवार को बारिश का डेटा, मैप से समझें...