दुरुस्त नहीं की जा सकी एयर इंडिया एक्सप्रेस की विमान की तकनीकी खराबी
सरोजनीनगर। बागडोगरा से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-1523) में धुआं महसूस होने के बाद रविवार की शाम लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। लेकिन लैडिंग के 15 घंटे बीतने के बाद भी विमान की तकनीकी खराबी ठीक नहीं की जा सकी। जिसके कारण यह विमान अभी भी चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खड़ा हुआ है।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट में आई तकनीकी समस्या की जांच एयरलाइन की टेक्निकल टीम द्वारा लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक खराबी को पूरी तरह दूर नहीं किया जा सका है। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई है। बताया जाता है कि घटना के बाद से विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग नम्बर-11 में खड़ा किया गया था। जहां इंजीनियरिंग टीम उसकी जांच में जुटी हुई है। विमान में धुआं निकले के कारणों का अभी पता नही चल सका है। उधर एयरलाइन ने अधिकांश यात्रियों को अन्य उड़ानों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया, जबकि कुछ यात्रियों को होटल में ठहराया गया था। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि जब तक विमान पूरी तरह तकनीकी रूप से सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक उसे उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।
