डॉ. राजेश्वर सिंह एवं आर. पी. सिंह ने खिलाड़ियों में भरा जोश और आत्मविश्वास
डॉ. राजेश्वर सिंह के विजन और आर. पी. सिंह की प्रेरणा से सरोजनीनगर बन रहा खेल शक्ति का नया केंद्र
10,000 से अधिक युवाओं को मिला मंच, डॉ. राजेश्वर सिंह और आर. पी. सिंह ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि महान खिलाड़ी केवल ट्रॉफियां जीतने के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए खेलते हैं। डॉ. राजेश्वर सिंह आज पूर्व क्रिकेटर एवं वर्तमान चयन समिति सदस्य आरपी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में एलडीए कॉलोनी स्थित जय जगत पार्क में सरोजनीनगर स्पोर्ट्स प्रीमियर लीग (एसएसपीएल-9) का भव्य शुभारंभ करने के दौरान आयोजित सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 04 दिसंबर 2022 से शुरू हुई यह पहल अब अपने 9वें संस्करण तक पहुंच चुकी है। इस बार इंटर स्कूल एवं इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट चैम्पियनशिप में 160 टीमें हिस्सा ले रही हैं और करीब 160 मुकाबले खेले जाएंगे। विजेता टीम को ₹50 हजार और उपविजेता को ₹25 हजार की पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर, मैक्सिमम सिक्स और मैक्सिमम फोर जैसी श्रेणियों में भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में इंटर स्कूल मुकाबले में लखनऊ कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल और एलनहाउस पब्लिक स्कूल आमने-सामने रहे, जबकि इंटर स्पोर्ट्स क्लब मुकाबले में यंग बॉयज क्रिकेट क्लब और प्यारेपुर क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि अब तक सरोजनीनगर स्पोर्ट्स प्रीमियर लीग के माध्यम से 10 हजार से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने, 1500 से अधिक स्पोर्ट्स किट वितरित करने और ₹11 लाख से अधिक की पुरस्कार राशि देने का कार्य किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर को खेल प्रतिभाओं का मजबूत केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।