सरकार की छवि धूमिल कर रही पुलिस की धीमी कार्रवाई : रीना चौधरी
प्रधान संघ के भतीजे की पिटाई के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में शिथिलता से आक्रोश
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पासी समाज ने बंथरा थाना घेरा
लखनऊ। पूर्व सांसद रीना चौधरी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकार की नीयत साफ है, लेकिन पुलिस की धीमी कार्रवाई सरकार की छवि धूमिल कर रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक दलित युवक की बेरहमी से पिटाई किये जाने के बाद भी पुलिस कार्रवाई में लापरवाही बरत रही है। पूर्व सांसद श्रीमती चौधरी प्रधान संघ के भतीजे से मारपीट करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बंथरा थाना परिसर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान बोल रही थी।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि पुलिस यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती, तो यह सरकार की संवेदनशील छवि पर प्रश्नचिह्न लगाएगी। गरीब और दलितों की आवाज़ दबाने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी फरार हैं। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अधिकांश आरोपी फरार हैं और पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। समाज का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर अन्य आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही। घटना की सूचना पर एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों कल्लू सिंह और प्रियांशु शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रदर्शनकारी सभी फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, जांच अधिकारी को हटाने एवं घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग कर रहे थे। इस दौरान पूर्व सांसद रीना चौधरी, ब्लाक प्रधान संघ अध्यक्ष सरवन रावत, लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी, बहुजन क्रांति दल के अध्यक्ष डॉ0 मोहन पासी, भाजपा सैनिक प्रकोश्ठ के मनोज सिंह चौहान, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि संजय सिंह चौहान, पासी जाग्रति मंडल के अध्यक्ष दिलीप रावत, डीपी रावत, संदीप रावत, प्रदीप रावत, सीमा रावत, मिथलेश रावत, मुकेश रावत, अरूण रावत सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
इनसेट- हरौनी चौकी प्रभारी को हटाने की मांग
पूर्व सांसद श्री चौधरी ने कहा कि इस मामले के आरोपी पीड़ित परिवार को धमका रहे है। जिसकी शिकायत चौकी प्रभारी अर्जुन राजपूत से की गई है। लेकिन चौकी प्रभारी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि चौकी इंचार्ज की जांच कराकर उसे हरौनी से हटाया जाए।
इनसेट- यह थी घटना
बीती 22 अक्टूबर को सरोजनीनगर ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष एवं सहिजनपुर ग्राम प्रधान सरवन रावत का भतीजे जतिन रावत को नारायणपुर गांव के अक्षत सिंह, मोहित सिंह चौहान, विकास सिंह, प्रियांशु शर्मा, पवन सिंह, कल्लू सिंह व दो अज्ञात के खिलाफ जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और मारपीट का आरोप लगाया था। जतिन का आरोप था कि आरोपियों ने उसे और उसके परिजनों को लात-घूसों व बेल्ट से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
