बंथरा सड़क हादसा : 50 लाख मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन
विधायक डॉ0 राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधियों ने भी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का दिया आश्वासन
लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मारे गए युवक-युवती के शव रविवार को गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। गमगीन माहौल के बीच परिजनों और ग्रामीणों ने बनी-मोहान रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया और 50 लाख रुपये मुआवजा व एक सरकारी नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम व प्रदर्शन की खबर मिलते ही कृष्णानगर थाना पुलिस के साथ एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में तहसीलदार द्वारा मृतक युवक व युवती के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन तथा सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह द्वारा सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कहे जाने पर धरना समाप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि बंथरा के लतीफनगर निवासी अर्पित त्रिवेदी (22) और सहिजनपुर की काजल रावत (21) अमेजन वेयरहाउस में कार्यरत थे। अर्पित अपनी दोस्त काजल को ड्यूटी पर छोड़ने स्कूटी से जा रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों उछलकर पहले पेड़ से टकराए और फिर सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरे, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई थी। रविवार की दोपहर दोनो मृतको के शव पहुंचे तो क्षेत्रीय जनता का आक्रोश फूट पड़ा और पुलिस मुर्दाबाद के नारे लागते हुए सड़क जाम कर दी। अर्पित व काजल के परिजन 50-50 लाख रूपये का मुआवजा, परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पर अड़े थे। करीब तीन घंटे तक रोड जाम के बाद भाजपा नेता राजेश सिंह चौहान, विधायक डॉ0 राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि निखिल त्रिपाठी व राजेश त्रिपाठी द्वारा सरकारी मदद दिलाने व तहसीलदार सुखबीर सिंह द्वारा पांच-पांच लाख की सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिये जाने के बाद पीड़ित परिवार शांत हुए।
