राजनीति में युवा भागीदारी जरूरी: डॉ. राजेश्वर सिंह की चेतावनी और दिशा

Dec 28, 2025 - 18:59
 0  4
राजनीति में युवा भागीदारी जरूरी: डॉ. राजेश्वर सिंह की चेतावनी और दिशा

तटस्थता नहीं, आत्मसमर्पण है राजनीति से दूरी; युवा जागेगा तो नीति बदलेगी और भारत मजबूत बनेगा

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से देश के युवाओं के नाम एक सशक्त और दूरदर्शी संदेश जारी किया। उन्होंने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि यदि युवा राजनीति से दूर रहेंगे, तो राजनीति युवाओं के भविष्य से भी दूर हो जाएगी।

                    डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता का खेल नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार, तकनीक, पर्यावरण, कानून और अवसरों से जुड़े वे फैसले यहीं लिए जाते हैं, जो युवाओं के अगले 30–40 वर्षों का भविष्य तय करते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में खाली स्थान नहीं होता, यदि योग्य और जागरूक लोग आगे नहीं आएंगे, तो अवसरवादी ताकतें उस स्थान को भर देंगी। उन्होंने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और लोकतंत्र में संख्याबल ही सबसे बड़ी ताकत होता है। केवल सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना बदलाव नहीं लाता, असली परिवर्तन संविधान, नीतियों, कानूनों और बजट के माध्यम से होता है। युवाओं को भविष्य सुरक्षित करने के लिए विधायक ने बहुमुखी कौशल विकसित करने, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीक और हरित कौशलों में दक्षता हासिल करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने संविधान और कानूनों की समझ विकसित करने, मतदान करने, नेताओं से सवाल पूछने और जवाबदेही तय करने की अपील की। उन्होंने छात्र संघों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय निकायों के माध्यम से जमीनी राजनीति से जुड़ने को भी जरूरी बताया। डॉ. सिंह ने युवाओं को जातिवादी राजनीति, झूठे वादों, भ्रम फैलाने वाली सोच और नफरत की राजनीति से दूर रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “जो युवा जाति, झूठ और भ्रम में फंसता है, उसका भविष्य कोई और लिखता है।” अंत में उन्होंने प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि राजनीति से दूरी तटस्थता नहीं, बल्कि अपने भविष्य को दूसरों के हाथ सौंपना है। “युवा जागेगा तो नीति बदलेगी और भारत मजबूत बनेगा,” इसी विश्वास के साथ उन्होंने युवाओं से विकास, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी का मार्ग चुनने का आह्वान किया।