हरिओम नगर में 49 लाख से बनेगा 410 मीटर लंबा नाला
पार्षद रामनरेश ने किया शुभारंभ
जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत, लंबे समय से खराब सड़क और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे थे कॉलोनीवासी
सरोजनीनगर, संवाददाता। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 के हरिओम नगर कॉलोनी में शुक्रवार को नगर निगम निधि से करीब 49 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। पार्षद रामनरेश रावत ने सुरेंद्र की दुकान से अजय यादव की गली नंबर चार तक करीब 410 मीटर लंबे नाले के निर्माण का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मंडल अध्यक्ष केके श्रीवास्तव और अशोक बाजपेई ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। वहीं अभय द्विवेदी और कालिका प्रसाद शुक्ला ने शिलान्यास की ईंट रखी। पार्षद प्रतिनिधि एवं बूथ अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने बताया कि हरिओम नगर की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब थी। नाले की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों और बारिश का पानी सड़क पर ही भरा रहता था। इससे स्थानीय लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। नाले का निर्माण पूरा होने के बाद जलनिकासी की समस्या दूर होने के साथ ही लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने पार्षद रामनरेश रावत का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और लड्डू खिलाकर खुशी जताई। कार्यक्रम में प्रदीप सिंह, अनिल सिंह, जय नारायण गुप्ता, महेंद्र, कुलदीप अवस्थी, ममता मौर्य, जयराम यादव, दिलीप खोलोरिया समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों की ओर से संतोष त्रिपाठी, आलोक श्रीवास्तव, रितेश दुबे और फूलचंद गौतम ने सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
