हर रविवार समाधान की चौपाल: 149 सप्ताह, हजारों समस्याएँ, एक भरोसेमंद मॉडल
जनसंवाद, त्वरित समाधान और सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण बना विधायक राजेश्वर का साप्ताहिक शिविर
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनभागीदारी को मजबूत करने वाला साप्ताहिक अभियान “आपका विधायक—आपके द्वार” आज भरोसे और प्रभावी प्रशासन का मॉडल बन चुका है। इसी क्रम में रविवार को सरोजनीनगर द्वितीय मंडल के पकरी गांव में इस अभियान का 149वां जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आय प्रमाण पत्र, विधवा पेंशन समेत कुल 41 शिकायतें और सुझाव प्राप्त हुए। मौके पर ही प्रशासनिक समन्वय के जरिए 9 समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जिससे लोगों को सीधी राहत मिली और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
शिविर के साथ सन आई हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें 100 वृद्धजनों की जांच की गई, जिनमें से 45 बुजुर्गों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई। यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य के प्रति विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। शिक्षा को सामाजिक बदलाव का आधार मानते हुए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों—यश निगम, अंकित सिंह, अनिकेत वर्मा और अवंतिका शर्मा—को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे गांव के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। युवा सशक्तिकरण की दिशा में 163वें बॉयज यूथ क्लब और 98वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। नवगठित क्लबों को क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कैरम सहित खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि गांवों में खेल, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को ताराशक्ति निःशुल्क रसोई के माध्यम से पौष्टिक भोजन भी कराया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह का कहना है कि यह अभियान केवल शिकायत निवारण नहीं, बल्कि संवाद से समाधान और सेवा से सशक्तिकरण का सतत प्रयास है, जो सरोजनीनगर को विकास के मजबूत पथ पर आगे ले जा रहा है।
