वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हिताची कंपनी के कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

May 8, 2026 - 17:33
 0  2
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हिताची कंपनी के कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

वेतन वृद्धि की मांग को लेकर काम बंद करने की चेतावनी, प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप

सरोजनीनगर, संवाददाता। सरकार द्वारा घोषित मानदेय नियमावली के तहत वेतन न दिए जाने का आरोप लगाकर शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित हिताची कंपनी कंपनी गेट पर सुरक्षा गार्डों और गनमैन कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप था कि सरकार द्वारा एक अप्रैल से बढ़ा हुआ वेतन लागू किए जाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कंपनी द्वारा अब तक नए नियमों के अनुसार वेतन नहीं दिया जा रहा है।

           उल्लेखनीय है कि बीते माह मदरसन कंपनी के श्रमिकों ने राजधानी समेत नोएडा स्थित कंपनी के बाहर मानदेय बढ़ाने को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए नई मानदेय गाइडलाइन जारी की गई थी। सरकार ने इसे एक अप्रैल से लागू करने के निर्देश भी दिए थे। हिताची कंपनी में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने आरोप लगाया कि नई गाइडलाइन लागू होने के बावजूद उन्हें पुराने मानदेय पर ही काम कराया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद न तो ठेकेदार और न ही कंपनी प्रबंधन उनकी समस्याओं पर ध्यान दे रहा है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने कंपनी प्रबंधन व ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक वेतन वृद्धि लागू नहीं की जाएगी, तब तक काम बंद रहेगा और धरना जारी रखा जाएगा। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते कंपनी गेट के बाहर काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा। इस संबंध में हिताची कंपनी में तैनात ठेकेदार और मैनेजर से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।