राजस्व विभाग व नगर निगम टीम द्वारा अवैध बाउंड्री गिराकर हटाया अतिक्रमण
लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र के हिंद नगर कॉलोनी में नगर निगम जोन-8 और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीलिंग की बहुमूल्य जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। अधिकारियों के अनुसार इस भूमि की बाजारू कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है, जिस पर लंबे समय से अवैध रूप से रेडीमेड बाउंड्री बनाकर कब्जा किया गया था।
सोमवार को सुबह नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और नगर निगम के सुरक्षाकर्मी तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने पहले भूमि का सीमांकन कराया, जिसके बाद अवैध रूप से खड़ी की गई बाउंड्री और अन्य अस्थायी निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। नगर निगम नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश के मुताबिक यह जमीन सीलिंग के अंतर्गत दर्ज है और सरकारी अभिलेखों में इसके स्वामित्व को लेकर स्थिति स्पष्ट है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा इसे निजी बताकर चारदीवारी खड़ी कर दी गई थी और भविष्य में प्लाटिंग की तैयारी की जा रही थी। शिकायत मिलने पर राजस्व अभिलेखों की जांच कराई गई, जिसमें भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से बाउंड्री को ध्वस्त किया गया और पूरे क्षेत्र को कब्जा मुक्त कराया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सरकारी या सीलिंग की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम जोन-8 के अधिकारियों का कहना है कि आगे भी क्षेत्र में ऐसे सभी मामलों की सूची तैयार की जा रही है और चरणबद्ध तरीके से अवैध कब्जों को हटाने का अभियान जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा।